फोटो 18 जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रधानाचार्यो को फुटवाल वितरित करती चेयरमैन नेहा तिवारी। स्रोत
भोगांव। ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और स्कूली बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जवाहर नवोदय विद्यालय में फुटबॉल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ और केंद्रीय खेल मंत्रालय की पहल के तहत जिले के 303 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर फुटबॉल वितरित किए गए।कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरमैन नेहा तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि फुटबॉल जैसे खेलों से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। विद्यालयों में खेल सामग्री उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्र की छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने प्रधानाचार्यों से फुटबॉल का नियमित खेल गतिविधियों में उपयोग कराने की अपील की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोहित चतुर्वेदी ने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी हैं। इससे उनमें सकारात्मक सोच विकसित होती है और तनाव भी दूर रहता है। प्रधानाचार्य राजेश यादव ने कहा कि संसाधनों के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पातीं। विद्यालयों में नियमित खेल प्रतियोगिताएं कराकर बच्चों को अवसर दिया जाएगा। इस मौके पर उपप्राचार्य सुघर सिंह, अमिता सिंह, सरला तिवारी और अमित मिश्रा आदि मौजूद रहे।