डिवाइडर से टकराकर पलटी बारातियों से भरी बस
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में बारातियों से भरी बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग भागकर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
मामला औंछा थाना क्षेत्र के नाहिल नगरिया गांव का है। गांव निवासी भानु प्रताप की बरात बुधवार को बेवर थाना क्षेत्र के कुशालपुर गांव जानी थी। देर शाम करीब 40 से अधिक बाराती लेकर एक मिनी बस कुशलपुर गांव के लिए निकली। रास्ते में डिवाइडर से टकराकर बस अनियंत्रित हो गई और पलट गई।
क्रेन की मदद से बस को सीधा कराया गया
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बारातियों को बस बाहर निकाला। चोटिल हुए हरिभान सिंह, सुमित कुमार, राधिका सहित पांच लोगों को जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में सभी को मरहम पट्टी के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सीधा कराया। सड़क से किनारे खड़ी कराकर यातायात सुचारू कराया।