अग्निशमन विभाग ने सोमवार को जिला अस्पताल में मॉक ड्रिल किया। अस्पताल कर्मियों और एनसीसी कैडेट्स को आग पर काबू करने, राहत और बचाव की जानकारी दी।
अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थानों पर आग लगने पर आग कैसे बुझेगी? राहत और बचाव कैसे किया जाएगा? इसे लेकर अग्निशमन विभाग ने सोमवार दोपहर अस्पताल परिसर में मॉक ड्रिल करके जहां अपनी तैयारी परखी। वहीं एनसीसी कैडेट्स और अस्पताल कर्मियों को आग बुझाने, आग में फंसे लोगों को बचाने आदि का तौर-तरीखा बताया। एनसीसी के कर्नल तरसेम सिंह ने कहा कि आग लगने के दौरान अक्सर लोग धैर्य खो देते हैं। इसके कारण बड़ा हादसा होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसी परिस्थिति में खुद पर नियंत्रण रखकर आग पर काबू पाया जा सकता है। दमकलकर्मियों ने आग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का तरीका बताया। गैस सिलेंडर में आग लगने पर दरवाजे, खिड़की खोलने, भीगे बोरे से आग बुझाने की कोशिश करने की जानकारी दी।