फोटो 19 फ्लोर मिल में आग लगने के बाद मौके पर जानकारी जुटाती पुलिस। संवाद
कुरावली। मोहल्ला दक्षिणी फर्दखाना निवासी रजत जादौन की जीटी रोड स्थित सर्विस रोड पर केसी पंप के पास श्याम फ्लोर आटा मिल में बुधवार शाम शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। आग मिल में रखे बोरों में लगी। देखते ही देखते धुआं व आग की लपटें पूरे परिसर में फैल गईं।
घटना के समय मिल के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे कोई जनहानि नहीं हुई। आसपास मौजूद लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दमकल की टीम को मौके पर बुलाया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाकर स्थिति को नियंत्रित किया। समय रहते आग बुझा देने से बड़ा हादसा टल गया। प्रभारी निरीक्षक कुरावली ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।