उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में रविवार की शाम सिंधिया तिराहा के पास एक कंटेनर के केबिन में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। चालक व खलासी ने कूद कर जान बचाई। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
मिट्टी व पानी डालकर आग को बुझाने के प्रयास किया
कोतवाली क्षेत्र में सिंधिया तिराहा के पास एक खड़े कंटेनर में अचानक तेज धुंआ और आग की लपटें निकलता देख आसपास मौजूद लोग व राहगीर रुक गए। इस बीच केबिन में मौजूद चालक व खलासी ने कूद कर अपनी जान बचाई। आसपास के लोगों के साथ मिट्टी व पानी डालकर आग को बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
अहमदाबाद से 40 स्कूटी लेकर निकला था
कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में लगी आग को बुझाया जा सका। ट्रक चालक विनोद कुमार निवासी रामादेवी कानपुर ने बताया कि वह अहमदाबाद से 40 स्कूटी लेकर आया था। एजेंसी पर स्कूटी उतारने के बाद वापस जा रहा था। तभी डीजल खत्म होने पर ट्रक खड़ा कर मालिक को फोन कर रुपये मांगे थे। शाम के समय वह केबिन में सो रहा था। आग लगने के बाद उसने व खलासी ने कूद कर जान बचाई।