नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी
- फोटो : सोशल मीडिया
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में किराए के घर में रहने वाला एक शातिर खुद को सीबीआई का अधिकारी बताकर लाखों रुपये ठगी कर रातों रात गायब हो गया। वह लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर जाल में फंसाता था। मकान मालिक भी ठगी का शिकार हो गईं। पुलिस ने शातिर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती अग्रवाल मोहल्ले का है। यहां के निवासी भगवती देवी के घर में कुछ दिनों पहले सतीश कुमार नाम का एक व्यक्ति किराए पर आया था। उसने बताया कि वह सीबीआई का अधिकारी है। वह पूर्वा जय सिंह औंरेया का रहने वाला है। अपने कूट रचित दस्तावेज, आधार कार्ड आदि भी दिखाए।
बीएसए कार्यालय में नौकरी लगवा दूंगा
कुछ दिन घर में रहने के बाद उसने कहा कि माता जी आपके दो नातियों की नौकरी बीएसए कार्यालय में लगवा दूंगा। करीब 10 लाख रुपया का खर्च आएगा। उसकी बातों में आकर 10 अक्टूबर 2022 को डेढ़ लाख रुपये दे दिए। इसके बाद एक दिन जरूरत पड़ने पर उनसे 10 हजार रुपया जल्द ही वापस करने की बात कहते हुए लिए।
अचानक गायब हो गया
घर में रहने के दौरान उसने आसपास के रहने वाले कई लोगों से भी नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब आठ लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। लेकिन उसके व्यवहार के चलते ठगी का एहसास नहीं हो सका। 10 अक्टूबर 2022 को वह अचानक गायब हो गया। उसका फोन भी स्विच ऑफ हो गया। तब उनको ठगी की जानकारी हुई।
फर्जी दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए
पीड़िता ने पुलिस को फर्जी दस्तावेज आदि भी उपलब्ध कराए गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।