यूपी के मैनपुरी जिले में स्थित बैंक की शाखा में आग लग गई। आधी रात अलार्म बजने पर पुलिस माैके पर पहुंच गई। ब्रांच को खुलवाकर चेक किया तो सर्वर रूम जलता हुआ मिला।
मैनपुरी के कुरावली कस्बा स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा के सर्वर रूम में शनिवार देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जानकारी होने के बाद स्थानीय पुलिस व दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र में शनिवार रात बैंक ऑफ इंडिया शाखा का अलार्म अचानक से बज उठा। रात करीब दो बजे अलार्म की आवाज सुन चपरासी ने अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी ललित भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बैंक को खुलवा कर देखा तो सर्वर रूम में आग लगी थी। इस बीच वहां पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।