करहल। मोहब्बतपुर लभौआ गांव के पास दो साल पहले एचपी गैस एजेंसी के निकट खड़े कंटेनर का ताला तोड़कर चोर 40 बैटरी और 170 लीटर डीजल चुरा ले गए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मोहब्बतपुर लभौआ निवासी राजीव कुमार ने बताया कि वह सुपर स्टार कंपनी में कंटेनर चालक है। एक नवंबर 2024 को कंटेनर को एचपी गैस एजेंसी के पास खड़ा किया था। रात में ताला तोड़कर बैटरियां और डीजल चोरी कर लिया गया। गांव के लोगों ने तीन युवकों को सुबह करीब चार बजे बैटरी और ड्रम ले जाते देखा था। थाने में सुनवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर राहुल, प्रवीण और अवनेश निवासी मोहब्बतपुर लभौआ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ करहल अजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।