करहल। थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव नगला तुला के रहने वाले वृद्ध किसान को बुधवार दोपहर ट्रैक्टर ने चपेट में ले लिया। परिजन उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज सैफई ले गए। लखनऊ ले जाते रास्ते में दम तोड़ दिया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
कुर्रा क्षेत्र के गांव नगला तुला निवासी 69 वर्षीय किसान दुर्विजय सिंह बुधवार दोपहर को अपने खेत की ओर जा रहे थे। घर से कुछ दूर निकले ही थे। तभी करहल-कुर्रा मार्ग पर सड़क पार करते समय ट्रैक्टर ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
घायल किसान को परिजन आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज सैफई ले गए। वहां देर रात तबियत बिगड़ने पर एंबुलेंस से लखनऊ ले जा रहे थे, मगर किसान ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जिसके बाद परिजन शव को लेकर वापस गांव आ गए। प्रभारी निरीक्षक विक्रांत गुर्जर ने बताया कि परिजन की मांग पर पोस्टर्माटम कराया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।