उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में कुसमरा चौकी क्षेत्र में पंचमपुर गांव के पास मंगलवार की शाम सड़क पार कर रहे एक किसान को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में घायल को मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। वहां बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। इटावा पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
आरोपी बाइक सवार मौके से भाग गया
थाना किशनी की कुसमरा चौकी क्षेत्र के गांव पंचमपुर निवासी किसान रामनरेश (53) मंगलवार की शाम किसी काम के लिए सड़क पार कर रहे थे। तभी मार्ग से गुजर रहे एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र होने लगी। इस बीच टक्कर मारने वाला बाइक सवार वहां से भाग गया।
इलाज के दौरान रामनरेश ने दम तोड़ दिया
घायल को परिजन ने अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। बुधवार को इलाज के दौरान रामनरेश ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन में चीख पुकार मच गई। सैफई थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए इटावा भेजा। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।