भोगांव। थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम खेत पर जा रहे किसान पर नीलगाय ने हमला कर दिया। किसान की मौत हो गई। पुलिस किसान की मौत हार्ट अटैक से होना बता रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया है। गांव उमरीहार निवासी किसान हुकुम सिंह (26) शनिवार शाम खाना खाने के बाद खेत की तरफ टहलने जा रहे थे। घर से कुछ दूरी पर नीलगाय ने उन पर अचानक हमला कर दिया। इस पर वे भागने लगे लेकिन कुछ दूरी पर जाकर गिर गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजन की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी भेजा। परिजन ने बताया कि हुकुम शादीशुदा थे और एक छह साल का बेटा पीयूष है।