उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ते ही इमरजेंसी के हालात बिगड़ने लगे हैं। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार को बेड की कमी पड़ गई तो घंटों मरीजों को टेबल पर ही लिटाए रखा गया।
बुखार ने तेजी के साथ जिले में पैर पसारने से शुरू कर दिए हैं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन 25 से 30 मरीज बुखार से पीड़ित होने पर भर्ती कराए जा रहे हैं। मरीज बढ़ने के साथ ही महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की इमरजेंसी के हालात भी बिगड़ने लगे हैं।
स्थिति यह है कि यहां मात्र 20 बेड की व्यवस्था है, जबकि 24 घंटे में यहां 50 से 60 मरीज भर्ती हो रहे हैं। एक साथ मरीज आने के चलते उन्हें इंडोर वार्ड तक भेजने में भी समय लगता है। ऐसे में यहां आए दिन व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।
अस्पताल प्रशासन ने बेडों की कमी को देखते हुए यहां चार टेबल की व्यवस्था की है। टेबल पर मरीज को 10 से 15 मिनट इमरजेंसी में तो रखा जा सकता है लेकिन घंटों लिटाना उनके जीवन के साथ खिलवाड़ है। करीब तीन से चार फुट ऊंची और मात्र 18 इंच चौंड़ी मेज पर मरीजों को भर्ती कर घंटों इलाज दिया जाता है।
ऐसे में मरीज को करवट लेने में भी दिक्कत होती है। करवट लेते समय मरीज तीन से चारफुट नीचे गिरकर गंभीर घायल भी हो सकता है। जिम्मेदार इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कई बार तो यहां बेड और टेबल फुल होने के बाद घंटों मरीजों को स्ट्रेचर पर ही रखा जाता है।
अस्पताल के इंडोर वार्ड में पर्याप्त बेड की सुविधा है। इमरजेंसी में एक साथ मरीज आने पर कभी-कभी दिक्कत आती है। जल्द ही इस समस्या को दूर किया जाएगा। -डॉ. मदनलाल, सीएमएस