विकास भवन में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी ने अन्नदाताओं की समस्याएं सुनी। मातहत अफसरों को किसानों की एक-एक शिकायत का प्रभावी निस्तारण का निर्देश दिया।
किसान दिवस के मौके पर गांव सहारा के किसानों ने सहारा फीडर कई दिनों से बंद होने की शिकायत की। डीएम लोकेश एम ने तत्काल अवर अभियंता को भेजकर फीडर को चालू कराया। अजीतगंज निवासी महेंद्र सिंह ने नहर की सिल्ट दूर फेंके जाने, किसानों को शौचालय योजना का लाभ दिलाने की मांग की। डीएम ने मानीटरिंग के बाद 12 हजार रुपये लाभार्थी को दिए जाने का भरोसा दिलाया। डीएम ने किसानों को खाद्य सुरक्षा अधिनियम, राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना आदि की जानकारी दी। कहा कि गांव-गांव बिजली पहुंचाने का काम हो रहा है। बीपीएल कार्ड धारकों को मुफ्त कनेक्शन मिलेगा। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ उज्ज्वल कुमार, जिला पशु चिकित्साधिकारी डॉ योगेश कुमार सारस्वत, अधिशासी अभियंता विद्युत आरपी पांडेय, जिला पंचायतराज अधिकारी नरेश कुमार, अधिशासी अभियंता नहर, सिंचाई, कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।