कलक्ट्रेट स्थित एक विभाग में कर्मचारी का 500 के पुराने नोट बदलकर दो हजार के नए नोट देने का वीडियो वायरल हुआ है। घटना शुक्रवार की एआरटीओ कार्यालय की बताई जा रही है। वीडियो रविवार को वायरल हुआ, जिसके बाद से कलक्ट्रेट कर्मियों में हड़कंप हैं।
वीडियो में कर्मचारी के सामने मेज पर कागज की थैली के साथ पांच सौ के पुराने नोटों की गड्डी रखी है और वह दो हजार के नए नोट गिनकर सामने खडे़ व्यक्ति को दे रहा है।
वीडियो देखकर लग रहा है कि यह कालेधन को सफेद करने जैसा मामला है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब बैंक किसी एक व्यक्ति को 24 हजार से अधिक नहीं दे रहा, कई बैंकों में तो कैश की किल्लत बताकर इससे भी कम दिया जा रहा है, ऐसे में एक विभाग, जहां सरकार ने एक विशेष समयावधि तक पुराने नोट लिए जाने की अनुमति दी है, उस विभाग के बंद कमरे में कागज की एक थैली के साथ रखी पांच सौ की गड्डी और दो हजार के नए नोट का लेनदेन कैसे और क्यों हो रहा है।
अभी वीडियो नहीं देखा है, यदि वीडियो में कुछ आपत्तिजनक पाया जाता है तो संबंधित बाबू के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- चंद्रपाल सिंह, जिलाधिकारी
मामले की जानकारी नहीं है। शिकायत आने पर जांच के बाद कार्रवाई होगी।
-डॉ. विजय कुमार, आरटीओ प्रशासन, आगरा