मैनपुरी। बोर्ड परीक्षा आते ही छात्र-छात्राएं दबाव महसूस करने लगे हैं। परीक्षार्थियों को ऐसे में दबाव लेने की जरूरत नहीं है। दबाव में तनाव लेंगे तो बीमार हो जाएंगे और परीक्षा में प्रश्नपत्र बिगड़ने का खतरा बढ़ जाएगा। पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में जाएं। परीक्षा के दौरान खान-पान और स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रखें।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. धर्मेंद्र कुमार बताते हैं कि परीक्षा के दौरान बेहतर मानसिक प्रदर्शन और याददाश्त के लिए प्रति रात 6 से 8 घंटे की अच्छी और गहरी नींद आवश्यक है। कम नींद लेने से एकाग्रता और सोचने की क्षमता कम हो सकती है। 50 से 60 मिनट की पढ़ाई के बाद 10 मिनट का ब्रेक लेना पढ़ाई का सबसे अच्छा तरीका है। जब भी लगे कि दिमाग कुछ भी ग्रहण नहीं कर पा रहा है और एकाग्रता भटक रही है, तो ब्रेक लेने का यही सबसे अच्छा समय है।
गुणवत्तापूर्ण नाश्ते की करें व्यवस्था
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजविक्रम बताते हैं कि परीक्षा को दौरान परीक्षार्थी अपने खान-पान का भी ध्यान रखें। सबसे अच्छे नाश्ते के लिए धीमी गति से ऊर्जा देने वाले कार्बोहाइड्रेट जैसे कि साबुत दलिया, साबुत अनाज की रोटी या कम चीनी वाला मूसली शामिल करें, क्योंकि ये धीरे-धीरे ऊर्जा प्रदान करते हैं। लंबे समय तक पेट भरा रखने के लिए दूध, दही या अंडे जैसे प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ भी शामिल करें। परीक्षा के दिन, अपने आहार में लंबी श्रृंखला वाले वसा से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करें।
-
परीक्षा में इन बातों का रखें विशेष ख्याल
राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. पदम सिंह पदम का कहना है कि परीक्षा में इन बातों का विशेष ख्याल रखें। परीक्षा कक्ष में शांत रहकर समय प्रबंधन का पालन करें। समय से 15-30 मिनट पहले पहुंचें, प्रवेश पत्र साथ रखें और बैठने के तुरंत बाद निरीक्षक के निर्देशों का पालन करें। अनुचित सामग्री मोबाइल, स्मार्टवॉच न ले जाएं, उत्तर पुस्तिका में रोल नंबर सही भरें और प्रश्नपत्र ध्यान से पढ़कर उत्तर लिखें।
-
प्रत्येक प्रश्न के लिए करें समय विभाजन
पूर्व प्रधानाचार्य राजभान सिंह चौहान बताते हैं कि बेहतर अंक पाने के लिए प्रत्येक प्रश्न के लिए समय का विभाजन करें। कुल समय को प्रश्नों की संख्या से विभाजित करें। यदि 90 मिनट में 60 प्रश्न हैं, तो प्रत्येक प्रश्न के लिए लगभग डेढ़ मिनट मिलेगा। नियमित अंतराल पर जांच हर 15-20 मिनट या 20 प्रश्नों के बाद समय की जांच करें कि आप गति में हैं या नहीं। यदि कोई प्रश्न हल न हो रहा हो, तो उस पर अटके न रहें, आगे बढ़ें और अंत में समय मिलने पर वापस आएं।
-
परीक्षा की तैयारियां पूरी मिश्रित प्लान से बैठेंगे परीक्षार्थी
जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि परीक्षा की निगरानी के लिए पांच सचलदल तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही परीक्षा की ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था भी की गई है। परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र पहुंच चुके हैं। व्यवस्थापक परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचेंगे।
-
हाईलाइटर्स
93 केंद्रों पर यूपी बोर्ड परीक्षा
29664 हाईस्कूल के परीक्षार्थी
28980 इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी
-