दो दिन बाद सोमवार को बैंक खुलने पर भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ा। वहीं अधिकांश एटीएम में पैसा न होने से कोढ़ में खाज वाली स्थिति पैदा हो गई। हालांकि बैंक अधिकारी व्यवस्था चुस्त दुरुस्त होने का दावा कर रहे हैं।
पहले दूसरा शनिवार होने और फिर रविवार होने के कारण लगातार दो दिन बैंक बंद रहे थे, वहीं सोमवार को दो दिन बाद बैंक खुलने पर सुबह से ही भीड़ उमड़ने लगी। लोग बैंक में कैश लेने और जमा करने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहे। वहीं सोमवार को दोपहर तक अधिकांश एटीएम में पैसा न होने के कारण लोगों की दिक्कतें और बढ़ गईं। शहर के प्रमुख स्थलों पर लगे अधिकांश एटीएम दोपहर तक पैसा नहीं था। इसके चलते अधिकांश एटीएम पर नो कैश का बोर्ड टंगा देखा गया। वहीं जिन एटीएम में पैसा था वहां पर लाइन लगी हुई थी। वहीं भी लोग कैश निकालने के लिए मशक्कत करते देखे गए। वहीं दो दिन बाद बैंक खुलने पर लगभग 30 करोड़ की क्लियरिंग हुई। जबकि बड़ी संख्या में कैश जमा किया गया। शहर के स्टेशन रोड, आगरा रोड, कचहरी रोड आदि पर लगे एटीएम बंद ही रहे। स्टेशन रोड निवासी गगन का कहना था कि एक तो बैंक दो दिन बाद खुले और दूसरे एटीएम में भी पैसा नहीं था इसके चलते काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं राजा का बाग निवासी अखिलेश का कहना था कि लगभग आधा दर्जन एटीएम पर चक्कर काटने के बाद पैसा निकल सका।
एलडीएव वीके अग्रवाल का कहना है कि सभी बैंकों के पास पर्याप्त धनराशि है। वहीं एटीएम में कैश डालने के लिए कंपनी की गाड़ी बाहर से आती है इसके चलते थोड़ी देरी हो जाती है। मंगलवार से यह परेशानी भी नहीं होगी।