कुरावली। थाने से कुछ ही दूरी पर गन्ने का जूस पीने के बाद रुपये नहीं देने पर ग्राहक और दुकानदार में कहासुनी हो गई। विवाद के तूल पकड़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, पथराव के चलते काफी देर तक अफरातफरी रही। रविवार को पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।
थाना कुरावली से करीब 100 मीटर दूर जैन भवन के पास मोहल्ला वैदनटोला निवासी सोहेल गन्ने के जूस की ठेल लगाता है। शनिवार शाम वह ठेल पर था, तभी गिहार कालोनी निवासी प्रदीप जूस पीने आया। जूस पीने के बाद दोनों के बीच दाम को लेकर विवाद हो गया। दुकानदार और ग्राहक के बीच बहस होती देख दोनों पक्ष के लोग एकत्रित हो गए। विवाद ने तूल पकड़ लिया और उनके बीच जमकर लाठी-डंडे चले। दोनों ओर के लोग एक दूसरे पर ईंट पत्थर फेंकने लगे। इससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और स्थिति को संभाला। मौके से दोनों पक्ष के पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। पकड़े गए लोगों के खिलाफ पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई की है।
झगड़े को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश
थाने के पास शनिवार देर शाम ग्राहक और दुकानदार पक्ष के लोगों के बीच हुए बवाल को कुछ लोगों ने सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की। वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए। सीओ कुरावली सच्चिदानंद ने बताया कि रुपये लेनदेन को लेकर ग्राहक व दुकानदार के बीच विवाद हुआ था। शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।