फोटो27 छज्जा गिरने से किसान की मौत के बाद जानकारी लेते एसडीएम। संवाद
- फोटो : नानपारा में बंद पड़ी गैस एजेंसी।
कुरावली। बंदरों की उछल-कूद से सोमवार दोपहर दिवरई गेट के पास एक दुकान का जर्जर छज्जा टूटकर बुजुर्ग पर गिर पड़ा। हादसे में मोहल्ला घनराजपुर निवासी 70 वर्षीय राम किशन गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसडीएम नीरज त्रिवेदी ने अस्पताल पहुंचकर हादसे की जानकारी ली और कुरावली थाना पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। राम किशन अविवाहित थे और मूलरूप से एटा के पिंजरी गांव के रहने वाले थे। यहां घनराजपुर में वह अकेले ही रहते थे। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वह पुरानी गल्ला मंडी स्थित दिवरई गेट के पास ऋषभ वाटिका के सामने एक गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान बंदरों के कूदने से जान मोहम्मद के मकान के एक हिस्से में बनी दुकान का जर्जर छज्जा उनके ऊपर आ गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राम किशन को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। देर शाम जिला एटा के गांव पिंजरी, थाना जसरथपुर से आए भतीजों ने उनका अंतिम संस्कार किया।
जिले में कई जगह बंदरों का आतंक
जनपद में कई जगह बंदरों का आतंक है। शहर के जिला अस्पताल, बस स्टैंड और कॉलोनियों में रोज बंदर किसी न किसी पर हमला करते हैं। इससे कई बार लोग चोटिल हो चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।
पहले भी हो चुकी हैं कई मौतें
30 अगस्त 2025 : बेवर थाना क्षेत्र के मोहल्ला ब्रह्मनान निवासी 73 वर्षीय बाल श्रीवास्तव छत पर टहल रहे थे। इसी दौरान बंदरों ने उन पर हमला कर दिया। बचने की कोशिश में वह सिर के बल नीचे गिर पड़े। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
3 सितंबर 2025 : गांव नगला रते में सुबह छत पर टहलने गईं 75 वर्षीय शांति देवी पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। भागते समय वृद्धा संतुलन खोकर छत से नीचे गिर गईं। इससे उनकी मौत हो गई।
13 अगस्त 2024 : बेवर थाना क्षेत्र के नगला केहरी में सुबह नेहा यादव का 5000 रुपये से भरा टिफिन बंदर अचानक से उठा ले गया। महिला टिफिन लेने के लिए पीछे भागी तो हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई।