खुफिया विभाग की सूचना पर डीजीपी ने प्रदेश भर के न्यायालयों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उक्त निर्देशों के बाद बुधवार सुबह पुलिस अधिकारियों और इंटेलीजेंस की टीम ने कोर्ट परिसर में सघन तलाशी ली। जजों के चेंबर सहित पूरे कोर्ट परिसर में डॉग स्क्वैड और मेटल डिटेक्टर से लैस पुलिसकर्मी चेकिंग करते नजर आए। इस दौरान एएसपी और सीओ सिटी समेत बड़ी संख्या में पुलिसबल वहां मौजूद रहा।
खुफिया विभाग से सूचना मिलने के बाद प्रदेश भर के न्यायालयों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कोई भी अप्रिय घटना न हो सके इसके लिए डीजीपी ने प्रदेश भर में सघन चेकिंग करने के निर्देश जारी किए हैं। बुधवार को एएसपी दिगंबर कुशवाह और सीओ सिटी शिष्यपाल सिंह पुलिसबल के साथ दीवानी पहुंचे। वहां जजों के चेंबर की सघनता से जांच किए जाने के साथ ही मेटल डिटेक्टर से कोर्ट रूम, अधिवक्ताओं के बस्ते, दीवानी हवालात, परिसर में बनी झाड़ियों में आदि सभी स्थानों को चेक किया गया।
पुलिस के अलावा इंटेलीजेंस के लोगों ने भी परिसर को चेक किया। डॉग स्क्वैड की मदद से परिसर में संदिग्ध लोगों और वस्तु की खोजबीन की गई। दीवानी परिसर में आने जाने वाले संदिग्ध लोगों से जानकारी लिए जाने के साथ ही तलाशी भी ली गई। करीब दो घंटे तक चली चेकिंग के दौरान परिसर में सबकुछ ठीक ठाक मिलने के बाद अधिकारी वापस लौट गए। सीओ सिटी ने बताया कि तीन दिन तक रोजाना सघन चेकिंग की जाएगी।
अलर्ट जारी होने के बाद कोर्ट परिसर में सभी स्थानों की सघनता से तलाशी ली गई है। चेकिंग के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। परिसर में 24 घंटे सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मी और पीएसी तैनात रहती है।
शिष्यपाल सिंह, सीओ सिटी सदर
पीएसी को भी चौकन्ना रहने के निर्देश
मैनपुरी। दीवानी परिसर में सुरक्षा के लिए वहां पीएसी की एक कंपनी हर वक्त मौजूद रहती है। बुधवार को चेकिंग करने पहुंचे एएसपी ने पीएसी जवानों से परिसर की सुरक्षा को लेकर विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए। कहा कि किसी भी संदिग्ध के मूवमेंट पर नजर बनाए रखें। तलाशी लिए जाने के साथ ही उच्चाधिकारियों को अवगत भी कराएं।
अचानक हुई चेकिंग से मचा हड़कंप
मैनपुरी। कोर्ट परिसर में अचानक बढ़ी संख्या में पुलिसबल पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। आधुनिक उपकरणों के साथ पुलिस को चेकिंग करता देख एकबारगी परिसर में लोग घबरा गए। चेकिंग के बारे में सही जानकारी मिलने के बाद राहत की सांस ली।