फोटो 23 यादव मार्केट में एक दुकान पर अनारकली सूट देखती ग्राहक। संवाद
मैनपुरी। शादियों का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में बाजार में उपलब्ध डिजाइनर अनारकली सूट महिलाओं को खूब भा रहे हैं। सहालग शुरू होने से पहले इनकी खरीदारी बढ़ गई है। बाजार में सूट की कीमत 1200 रुपये से लेकर 3500 रुपये तक है।दरअसल, आने वाले दिनों में जिन घरों में शादियां होनी हैं उनमें दुल्हन के साथ परिवार की अन्य महिलाओं ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इन दिनों शहर के सदर बाजार, बजाजा बाजार, यादव मार्केट, करहल रोड, स्टेशन रोड आदि बाजारों में स्थित दुकानों पर महिलाओं के लिए अनारकली सूट की भरमार है। दुकानों पर विभिन्न डिजाइन और वैरायटी में उपलब्ध अनारकली सूट की महिलाएं खरीदारी कर रही हैं। यादव मार्केट की विक्रेता खुशी गुप्ता ने बताया कि शादी सीजन में मेहंदी-हल्दी के साथ विभिन्न कार्यक्रम होते हैं। इसके लिए युवतियां और महिलाएं सूट की खरीदारी कर रही है। डिजाइनर अनारकली सूट की मांग बढ़ गई है। बाजार में फुललेंथ, रंगीन दुपट्टे, चोली डिजाइन आदि सूट उपलब्ध हैं। अनारकली सूट की कीमत 1200 रुपये से लेकर 3500 रुपये तक है।