मैनपुरी। प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मंडल ने जिला संयोजक अभय चौधरी के नेतृत्व में मंगलवार को प्रभारी बीएसए दीपक कुमार से मुलाकात की। शिक्षक समस्याओं पर ज्ञापन भी सौंपा। समायोजन प्रक्रिया में बरती गई अनियमितताओं को दूर करने की मांग की गई।
जिला संयोजक अभय चौधरी ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग में अध्यापकों के समायोजन के नाम पर विभाग ने मनमानी की है। जिला सह-संयोजक हरेंद्र सिंह बैस ने बताया कि बिना जानकारी के शिक्षकों का यू डाइस बदलकर एक से दूसरे विद्यालय में समायोजित कर दिया गया है। ब्लॉक अध्यक्ष बरनाहल जुगिल किशोर यादव ने कहा कि पूर्व में बताया गया था कि सरप्लस शिक्षकों का समायोजन उसी न्याय पंचायत के एकल विद्यालय में किया जाएगा।
बिना विकल्प पत्र भरवाए कई शिक्षकों का समायोजन दूरस्थ न्याय पंचायत एवं अन्य ब्लॉकों में किया गया है, जो नियम विरुद्ध है। रामखिलाड़ी यादव ने बताया कि नियमों की अनदेखी कर मानक में आने वाले शिक्षक को छोड़कर दूसरे शिक्षक का स्थानांतरण किया गया है। ब्लॉक मंत्री बरनाहल राहुल गुप्ता ने कहा कि आज तक विभाग ने समायोजन की कोई सूची सार्वजनिक नहीं की है। ज्ञापन देने वालों में रंजीत यादव, धर्मेंद्र कुमार, अंकुर यादव, देवेंद्र कुमार, राधारमण शाक्य, अभिषेक दीक्षित, पवन वर्मा आदि लोग शामिल रहे।
'समायोजन के लिए शिक्षामित्रों से जमा कराएं विकल्प पत्र'
मैनपुरी। शासन के आदेश के बाद शिक्षकों का समायोजन बेसिक शिक्षा विभाग ने पूरा कर कर लिया है। अब शिक्षा मित्रों के समायोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है। बीएसए के निर्देश पर खंड शिक्षाधिकारियों ने शिक्षा मित्रों से विकल्प पत्र भरवाए जा रहे हैं। जल्द ही विभाग शिक्षा मित्रों के समायोजन का कार्य भी पूरा करेगा।
प्रभारी बीएसए दीपक कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर शिक्षा मित्रों के समायोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है। सभी शिक्षा मित्रों को निर्देश दिए गए हैं, कि विभाग से जारी विकल्प पत्र के प्रारूप को भरकर प्रधानाध्यापक से प्रमाणित कराते हुए विकास खंड के बीआरसी केंद्र पर जमा कराएं। जारी किया गया है। सभी संकुल ग्रुपों पर यह उपलब्ध है।
प्रभारी बीएसए ने बताया कि सभी खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिक्षा मित्रों से प्राप्त विकल्प पत्र को प्रमाणित कर बीएसए कार्यालय को उपलब्ध कराएं ताकि समायोजन का कार्य नियमानुसार किया जा सके। उन्होंने बताया कि जल्द ही समायोजन का कार्य पूरा किया जाएगा।