ट्रक लूटने से पहले ही दबोचा बदमाश
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस की यूपी 100 सेवा ने क्षेत्र में ट्रक लूट की वारदात को होने से बचा लिया। करहल-सिरसागंज रोड पर कार सवार बदमाशों ने बुधवार को दिनदहाड़े सीमेंट से भरा ट्रक लूटने की कोशिश की। अचानक उसी समय पुलिस की यूपी 100 गाड़ी मौके पर पहुंचने से एक बदमाश पकड़ लिया गया। अन्य चार साथी कार में बैठकर भाग गए। पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर थाना पुलिस उसके साथियों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।
एक ट्रक सीमेंट की बोरियां लादकर आगरा से इटावा जा रहा था। इसे चालक विनोद कुमार चला रहा था और हेल्पर सुखवीर उसके साथ था। टोल टैक्स बचाने के लिए चालक ने गाड़ी सिरसागंज से करहल होते हुए निकालने का निर्णय किया। दोपहर तीन बजे के करीब जैसे ही ट्रक कैलाशपुर गांव से होकर निकला, पीछे स्कार्पियो सवार पांच बदमाशों ने उसे ओवरटेक करके रोक लिया। कार सवार बदमाशों ने ट्रक चालक व हेल्पर को नीचे खींच लिया और उन्हें कार में डालने लगे। एक बदमाश कार से उतरकर ट्रक की ड्राइविंग सीट पर सवार होकर उसे ले जाने लगा। संयोगवश उसी समय पुलिस की यूपी 100 गाड़ी आती दिखाई दे गई। उसे देखते ही बदमाशों के हाथ पांव फूल गए और वह कार समेत भाग गए लेकिन ट्रक पर सवार बदमाश भाग नहीं पाया। उसे पुलिस ने दबोच लिया।
पूछताछ करने पर उसने अपना नाम छोटू और सैफई क्षेत्र का रहने वाला बताया। पुलिस पकड़े गए बदमाश को थाने ले आई है। वहां उससे पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश से उसके फरार अन्य साथियों के बारे में जानकारी की जा रही है। इससे पहले मैनपुरी रोड से सेवों से लदा ट्रक और घिरोर रोड से लहसुन भरे ट्रक को भी कार सवार बदमाश लूट चुके हैं।