किशनी(मैनपुरी)। थाना किशनी क्षेत्र के नगला खिमंाऊ में बरात में कहासुनी के बाद एक युवक को बारातियों ने गोली मार दी। इससे वहां हड़कंप मच गया। गोली मारने के बाद बराती भाग गए। आनन-फानन में शादी की रश्में पूरी की गईं। घायल युवक को परिवारीजन जिला अस्पताल ले गए। वहां से चिकित्सकों ने आगरा रेफर कर दिया। घायल के भाई ने एक बराती के नाम तथा अज्ञात बारातियों के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के नगला खिमांऊ निवासी महावीर की पुत्री की गुरुवार की रात बरात आई थी। ग्रामीण बरात की व्यवस्थाओं में लगे थे। रात लगभग 12 बजे व्यवस्था में लगे गांव के करू के साथ बारातियों से नाच गाने की बात के लिए विवाद हो गया। इस पर एक बराती ने दोनाली बंदूक करू की छाती पर रख दी। वहां पहुंचे विनय निवासी विनय (22) पुत्र सुब्बन सिंह ने बीचबचाव कर दिया। बारातियों ने विनय को भी धमकी दी। ग्रामीणों ने विनय को घर जाने को कहा। विनय जब घर जाने लगे तो बराती ने फायर कर दिया। गोली विनय के पेट में लगी। वह मौके पर ही गिर पड़ा।
विनय को लहूलुहान होने पर परिवारीजन जिला चिकित्सालय ले गए। वहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत बताते हुए आगरा रेफर कर दिया। इधर शादी वाले घर में दहशत के चलते जल्दी-जल्दी शादी की रश्में पूरी कराई गईं। बराती रात में ही पलायन कर गए। ग्रामीणों का कहना की अधिकतर बराती शराब पिए हुए थे। घायल विनय के भाई राकेश ने ओमकार निवासी औड़न्य मंडल थाना दन्नाहार एवं अज्ञात बारातियों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष किशनी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।