थाना बेवर क्षेत्र के ग्राम मझोला में गांव के ही दबंगों ने चुनावी रंजिश में शिक्षिका और उसके परिवार पर घर में घुसकर हमला किया। उन्होंने शिक्षिका और उसकी बहन पर तेजाब भी फेंका हालांकि वे इस हमले से बाल-बाल बच गईं।
ग्राम मझोला निवासी उदयवीर सिंह चौहान का गांव के ही कुछ लोगों से चुनाव के समय से विवाद चला आ रहा है। शुक्रवार सुबह 7:30 बजे उनकी बेटी गरिमा खेत पर टमाटर तोड़ने जा रही थी। तभी गांव का सतेंद्र सिंह करीब दो दर्जन लोगों के साथ असलाह और लाठी-डंडा लेकर घर में घुस आया। इन लोगों ने उदयवीर, उनकी पत्नी ऊषा देवी, शिक्षिका पुत्री गुुंजन चौहान, गरिमा चौहान, बेटे गौरव को पीटना शुरू कर दिया। हमलावरों ने गुंजन और गरिमा पर तेजाब भी फेंका जिससे दोनों किसी तरह बच गईं। तब हमलावरों ने गुंजन पर सरिया से वार किया जिससे उसकी आंख फूट गई। गुुंजन का आरोप है कि आरोपी सतेंद्र सिंह, यतेंद्र सिंह, धर्मवीर, उदयवीर उर्फ पप्पू, दिनेश सिंह, प्रमोद सिंह, मोनू, मनेंद्र सिंह, शिवम, राहुल समेत आए तीस से अधिक हमलावरों ने बहन और उसकी शादी के लिए बनवाए गए करीब दस लाख कीमत के आभूषण भी लूट लिए। पीड़ित परिवार शिकायत लेकर थाने गया जहां से उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पूरा परिवार दहशत में है। उनका कहना है कि अगर वह थाने में शिकायत करने जाएंगे तो आरोपी उनके साथ कुछ भी कर सकते हैं। इसलिए वे पहले एसपी को मामले की जानकारी देकर सुरक्षा की गुहार करेंगे।