थाना क्षेत्र के शिवपुर में युवक की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। जानकारी होने पर घटनास्थल पर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। सीओ भोगांव ने घटनास्थल का मुआयना किया है। घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों से हत्या का शक परिचितों पर ही हो रहा है।
गुरुवार की दोपहर शिवपुर के पास ग्रामीण जानवरों को खेतों में चरा रहे थे। उसी समय उन्हें शमशेरगंज के इंद्रपाल जाटव के गेहूं के खाली खेतों में युवक का शव दिखाई दिया। लोगों ने इसकी सूचना डायल 100 पर दी। इस पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सड़क से 300 मीटर दूर खाली पड़े खेत में युवक का शव पड़ा था। युवक को कान के पास व हाथ के नीचे दो गोलियां भी लगी थीं। शव के पास तीन गिलास भी पड़े थे। इससे लग रहा था कि मृतक ने किस परिचित के साथ घटनास्थल पर शराब पी होगी। दिनदहाड़े हत्या की सूचना पर आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। काफी देर बाद लोगों ने उसकी शिनाख्त रामजी अवस्थी (27) पुत्र रामनरेश अवस्थी निवासी खिरिया दुम्हार के रूप में की। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक बुधवार शाम को ससुराल जाने की बात कहकर घर से गया था उसके बाद नहीं लौटा। बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था। इसके चलते कई बीघा खेत तक बेच चुका था। मृतक के पिता अंधे हैं। युवक के पिटाई करने के कारण वह तीन दिन से मैनपुरी में स्थित अपने दूसरे मकान में रह रहे हैं। मृतक का छोटा भाई दिल्ली में नौकरी करता है। युवक की छह वर्ष पूर्व शादी हुई थी। शराब पीने के कारण पत्नी पूजा चार वर्षीय पुत्री लक्ष्मी के साथ मायके रौरी थाना कुर्रा में रह रही है। सूचना मिलने पर मृतक की मां मौके पर पहुंची। बेटे का शव देख रो-रोकर उसका बुरा हाल था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ भोगांव ने बताया कि देर शाम तक परिवारी की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
किशनी। सीओ के निर्देश पर मौके पर फोरेंसिक टीम पहुंची और घटना के साक्ष्य एकत्रित किए। डॉग स्क्वैड टीम ने मौके पर पहुंचने के बावजूद अपना खोजी कुत्ता गाड़ी से नहीं उतारा।
शव के पास गिलास मिलने से हत्या में परिचित की आशंका
किशनी। मृतक के शव के पास तीन गिलास मिलने से आशंका जताई जा रही है कि हत्या करने वाले मृतक के परिचित होंगे। ग्रामीणों के अनुसार बुधवार शाम को फोन आया कि अपनी ससुराल आ जाओ और पत्नी व बेटी को ले जाओ। उसके दाहिने हाथ पर पूजा नाम गुदा हुआ था।