थाना क्षेत्र के नवीगंज चौकी क्षेत्र में पूर्व प्रधान के अहाते से करीब 19 लाख की कीमत का सरसों का तेल सप्लाई किया गया है। उक्त सरसों का तेल आगरा से मुजफ्फरनगर के लिए जा रहा था। लेकिन अचानक ट्रक चालक कहीं लापता हो गए थे। बुधवार को पुलिस ने प्रधान के अहाते में छापा मारकर खाली कार्टन बरामद करने के साथ ही पूर्व प्रधान सहित तीन को हिरासत में लिया है।
आगरा के शमसाबाद से सलोनी ब्रांड का सरसों तेल ट्रक से तीन मार्च को मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हुआ था। माल की कीमत करीब 19 लाख रुपये थी। ट्रक को थाना किशनी क्षेत्र निवासी चालक मनोज कुमार ले गया था। ट्रक मालिक दिलीप मिश्रा ने जब चालक से संपर्क किया तो दो दिन तक बात नहीं हो सकी। इसकी सूचना कई थानों में दी गई इस बीच जानकारी मिली कि ट्रक का माल बेवर थाना क्षेत्र के नवीगंज में जासमई रोड पर जिनोरा के पूर्व प्रधान के अहाते से कार्टन को काटकर सप्लाई किया जा रहा है।
बुधवार को पुलिस ने अहाते में छापा मारा तो बंद अहाते से सभी कार्टन भरे मिले। केन और बोतलों को तोड़कर ड्रमों में भरकर उसकी सप्लाई की जा रही थी। 300 कार्टन काटकर सरसों का तेल बेचा जा चुका था। पुलिस ने पूर्व प्रधान शीलेश कुमार सहित दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। ट्रक चालक-परिचालक का कोई पता नहीं लग सका है।