मैनपुरी। बरनाहल थाना क्षेत्र के ग्राम तिकानो से चार दिन से लापता किशोर की जमीन की रंजिश के चलते हत्या कर दी गई। सोमवार को उसका सड़ागला शव एक स्कूल के कमरे में मिला। पिता ने उसकी पहचान पास में मिले कपड़ों एवं अन्य सामान से की। गुस्साए ग्रामीणों ने बरनाहल-हरैना मार्ग पर हंगामा शुरू कर दिया। अधिकारियों के समझाने और एसओ के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। मृतक किशोर के पिता का कहना है कि जमीन की रंजिश के चलते गांव के लोगों ने उसके पुत्र की हत्या कर दी है। तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बरनाहल के ग्राम तिकोना निवासी विनोद कुमार का पुत्र अनोज 11 मई को गांव में खेलते समय लापता हो गया था। काफी तलाशने के बाद भी जब वह नहीं मिला तो विनोद ने 12 मई को थाना बरनाहल में सूचना दी। आरोप है कि एसओ ने कार्रवाई करने के स्थान पर उसे ही छह घंटे तक थाने में बैठाए रखा और कोई कार्रवाई नहीं की। सोमवार को गुजरात के कुछ लोग हरैना से बरनाहल जा रहे थे। वह लोग सुबह पांच बजे शौच के लिए पूर्व माध्यमिक विद्यालय हरैना पहुंचे। वहां अतिरिक्त कक्षा कक्ष में उन्होंने बालक का सड़ागला शव पड़ा देखा। इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। जानकारी होने पर विनोद भी वहां पहुंचा। पास में पड़े हुए कपड़ों से उसने बेटे अनोज की पहचान की। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एसओ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बरनाहल हरैना के संपर्क मार्ग पर ग्रामीणों ने शव रखकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर एएसपी स्वामीनाथ और करहल, मैनपुरी, घिरोर आदि थानों का फोर्स व पीएसी पहुंच गई। लगभग पांच घंटे तक अधिकारियों के समझाने और एसओ के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने शव उठने दिया। इसके बाद विनोद की तहरीर पर पुलिस ने दोपहर में गांव के ही शिवराज, शिवमोहन, शिवराम पुत्र एबरन सिंह और अंशुल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। साथ ही दबिश देकर शिवराज, शिव मोहन एवं एबरन सिंह को हिरासत में ले लिया। पुलिस उनसे देर शाम तक घटना के संबंध में पूछताछ कर रही थी।