मैनपुरी। गो तस्करों ने गोवंश ले जाने के लिए नया तरीका अपनाया है। अब तक ट्रक और डीसीएम में गौवंश को ले जाया जाता था लेकिन शनिवार की सुबह एक निजी टूरिस्ट बस से 28 गायें और एक बछड़े को बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार गायों को काटने के लिए ले जाया जा रहा था। रोकने पर बस चालक और बस मेें सवार अन्य तीन लोग बस को छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
कोतवाली पुलिस ने कुरावली की ओर से गायों के ले जाए जाने की सूचना पर बस रोकी तो चालक ने बस को दौड़ा दिया। इसके बाद बस रोककर चालक और तीन अन्य लोग भाग गए। बस में देखा तो गोवंश ठूंसकर भरा गया था। 28 गायों और एक बछड़े को क्रूरतापूर्वक बांधकर डाला गया है।
बस में सीटों और गैलरी के अलावा लगेज रखने वाले स्थान पर गायों को बांधकर डाला गया था। पुलिस ने बस संख्या यूपी14एके/9132 को कब्जे में ले लिया। बस को पुलिस लाइन ले जाकर आसपास के लोगों की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद गायों को बस से उतारा गया। कई गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं। पशु चिकित्सकों की टीम बुलवाकर गायों को उपचार दिया गया। गौसेवा समिति के अध्यक्ष प्रमोद दुबे बाबा की मौजूदगी में गायों को आसपास के लोगों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। रिपोर्ट कोतवाली के एसएसआई आरके चौधरी ने मुकदमा दर्ज किया है। एसपी श्रीकांत सिंह ने बताया कि गोतस्करों की तलाश की जा रही है।
जिले में धड़ल्ले से हो रही गोतस्करी
गौसेवा समिति के अध्यक्ष प्रमोद दुबे बाबा ने कहा कि जिले में गौवंश की धड़ल्ले से तस्करी और कटान किया जा रहा है। शहर और आसपास के गांवों में गोकशी हो रही है और पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। गो तस्करी पर अंकुश लगना चाहिए।