किशनी(मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 52 कछुओं सहित पकड़े तीनों आरोपियों से पुलिस ने पूछताछ की। आरोपियों ने पुलिस को मुख्य आरोपी का नाम बताया। आरोपी उनसे सौ रुपये प्रति किलो के हिसाब से क छुआ खरीदता है। पुलिस ने रिपोर्ट में आरोपी का नाम शामिल कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
समान पक्षी विहार के वन जीव रक्षक बृजराज सिंह ने गुरुवार की शाम कुंवरपुर के समीप तीन बोरी में 52 जीवित कछुआ सहित तीन युवक पकड़े थे। थाने में पुलिस पूछताछ में तीनों ने अपने नाम विकास, सूरज और शंभू गिहार निवासी गिहार कालोनी करहल बताए।
तीनों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उन्होंने कछुआ समान पक्षी विहार के तालाब से पकड़े थे। इन कछुओं को वह गिहार कालोनी करहल निवासी कालीचरन को बेचते हैं। कालीचरन उन लोगों से सौ रुपये प्रति किलो के हिसाब से कछुआ खरीदते हैं। कालीचरन के अधीन कई लोग यह काम कर रहे हैं। कालीचरन बाद में कछुओं को कलकत्ता भेज देते हैं। पुलिस ने कालीचरन का नाम भी रिपोर्ट में शामिल कर उसकी तलाश शुरू कर दी। वहीं पकड़े गए तीनों को जेल भेजा है।