कुरावली। शादी समारोह में डीजे पर डांस के दौरान अवैध हथियारों से हर्ष फायरिंग की गई। इसमें एक युवक की मौत हो गई। ‘तमंचे पे डिस्को’ गाने पर तमंचा छीनने की होड़ में गोली चल गई। हादसे के बाद समारोह स्थल में हड़कंप मच गया। भीड़ ने एक युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद मृतक के पिता ने वधू पक्ष के दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कोर्ट और शासन के आदेशों की धज्जियां उड़ाकर लोग हर्ष फायरिंग कर रहे हैं। कस्बे के मोहल्ला महाजनाना निवासी लाला राजकिशोर के पुत्र निशांत गुप्ता की शादी औंछा निवासी राजकुमार गुप्ता की बेटी प्रियंका के साथ की। कस्बे में ही शादी समारोह था। डीजे पर युवक ‘तमंचे पे डिस्को’ गाने पर डांस के बीच अवैध हथियारों से फायरिंग कर रहे थे। इनमें तमंचे व देसी पिस्तौल भी थीं। डांस के दौरान युवक फायरिंग के लिए एक दूसरे से हथियार छीन रहे थे। तभी गोली चल गई और निधौली कला एटा निवासी अतुल के पेट में जा लगी। अतुल के गिरते ही समारोह में हड़कंप मच गया।
आनन फानन लोग अतुल को स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए। वहां से गंभीर हालत में सैफई ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। अतुल के पिता मनोहर लाल गप्ता निवासी निधौली कला जनपद एटा ने वधू के दो भाइयों अमित और राहुल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मंगलवार शाम तक दोनों की तलाश कर रही थी।
सफेद शर्ट वालों की आई शामत
गोली लगने के बाद किसी ने हल्ला मचा दिया कि गोली सफेद शर्ट पहने युवक की देशी रिवाल्वर से गोली चली है। लोगों ने खिरना निवासी पवन को घेर लिया तो वह भाग निकला। फिर सफेद शर्ट वाले युवक को तलाशने लगे। लोगों ने नंदन गुप्ता को पीटना शुरू कर दिया। इस पर वह भागकर सेफगार्ड मार्केट में छिपा जहां से भीड़ ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। मंगलवार शाम तक नंदन पुलिस हिरासत में ही था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी।