कोतवाली में गुरुवार को दंपति के परिवारीजनों ने जमकर हंगामा किया। वहीं युवक पक्ष के लोगों से कहासुनी हुई। महिला ने पति पर मारपीट समेत गंभीर आरोप लगाए। समझौता न होने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन लोगों का शांतिभंग में चालान किया है।
थाना बिछवां क्षेत्र के गांव किन्हावर निवासी रामबख्श ने पुत्री गीता की शादी वर्ष 2007 में थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बालाजीपुरम निवासी जितेंद्र के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद से दंपति में अनबन शुरू हो गई। इस बीच दोनों गाजियाबाद में कमरा लेकर रहने लगे। मगर मारपीट का सिलसिला जारी रहा। इस बीच कई बार पंचायत भी हुई मगर कोई नतीजा नहीं निकला। कुछ दिन पूर्व जितेंद्र गीता को गाजियाबाद में छोड़ आया। परिवारीजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने थाने में पति के विरुद्ध हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया। पुलिस के दबाव में आरोपी महिला को गाजियाबाद से लेकर थाने आया।
गुरुवार सुबह मायके और ससुराल पक्ष की महिलाएं और पुरुष थाने में जमा हो गए। वहां दोपहर तक हंगामा चला। दोनों पक्षों में बहस के साथ ही समझौता के प्रयास भी चलते रहे। पीड़िता ने पति पर भूख रखने, मारपीट करने सहित कई गंभीर आरोप लगाए। कोई निष्कर्ष निकलता न देख पुलिस ने एक पक्ष के जितेंद्र व दूसरे पक्ष के दो लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया।