बिछवां। बारात चढ़ने के बाद एक वैन और बाइक से वापस जा रहे नौ बारातियों को ओवरटेक कर जीप सवारों ने रोक लिया। अपने आप को पुलिस वाला बताते हुए बारातियों के साथ मारपीट की। उनसे नकदी और मोबाइल भी लूट लिए। बारातियों ने कंट्रोल रूम पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। बाराती जहां लूट की बात कर रहे हैं वहीं पुलिस ओवरटेक को लेकर विवाद की बात बता रही है।
थाना कुरावली क्षेत्र के ग्राम नौरंगपुर निवासी चंद्रपाल सिंह लोधी के पुत्र मंजेश की बारात थाना क्षेत्र के ग्राम भूटा में आई थी। बारात चढ़ने के बाद रात में वैन और एक बाइक से नौ बाराती वापस गांव जाने लगे। रात दो बजे के लगभग जब बाराती थाना क्षेत्र के ग्राम नगला बलू के समीप पहुंचे तभी पीछे से आई जीप सवारों ने ओवरटेक करना शुरू कर दिया। दो किमी आगे ओवरटेक कर वैन को रोक लिया। अपने आप को पुलिस वाला बताते हुए का कि वैन में सवार लोग शराब का धंधा करते हैं। उन्होंने बारात से लौटने की बात कही तो आरोपी नहीं माने और नगला बलू तक ले गए। अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बारातियों की मारपीट की। किसी बाराती ने कंट्रोल रूम पर सूचना दी। बारातियों के अनुसार उनसे नकदी और मोबाइल भी छीन लिए। सूचना पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बारातियों को पुलिस थाने ले आई। बारातियों का कहना है कि अपने आप को पुलिस वाला बताने वाला नगला बलू का ही है। पुलिस का कहना है कि मामला ओवरटेकिंग का है। तहरीर पर जांच की जा रही है।