मैनपुरी/दन्नाहार। थाना दन्नाहार क्षेत्र में मंगलवार की सुबह फ्रिज से लदा कैंटर कार सवार बदमाशों ने लूट लिया। चालक को बंधक बनाकर कार में डाल लिया। मारपीट के बाद चालक को कोतवाली क्षेत्र में फेंक गए। बाद में चालक ने घटना की जानकारी पुलिस चौकी पर दी। पुलिस ने जीपीएस से लोकेशन ट्रेस कर कैंटर को थाना बरनाहल क्षेत्र से बरामद कर लिया। कैंटर में फ्रिज सुरक्षित मिले।
जनपद गोरखपुर के थाना कैंपियरगंज के ग्राम भागलपुर निवासी रामसेवक ट्रक चालक है। वह पंजाब के मोहाली से कैंटर में गोदरेज कंपनी के 199 फ्रिज लेकर लखनऊ जा रहा था। मंगलवार सुबह 5:30 बजे के लगभग जब कैंटर थाना दन्नाहार क्षेत्र में खर्रा के समीप पहुंचा तभी कार सवार बदमाशों ने ओवर टेककर रोक लिया। बदमाशों ने रामसेवक को बंधक बनाकर कार में डाल लिया। उसके सिर पर तमंचा की बटों से प्रहार कर घायल कर दिया और ट्रक को लूट ले गए। बदमाश रामसेवक को मैनपुरी-इटावा रेलवे लाइन के समीप ग्राम अंडाहार के किनारे फेंककर चले गए। रामसेवक ने किसी तरह से अपने हाथ पैर खोले और आगरा गेट पुलिस चौकी पर ट्रक लूट की सूचना दी।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी शैलेंद्र लाल और पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। कैंटर में जीपीएस लगा होने के कारण जब पुलिस ने सर्च किया तो वह थाना बरनाहल क्षेत्र के ग्राम नगला सभा के समीप दिखा। बरनाहल पुलिस ने भी बदमाशों का पीछा किया। पुलिस के हत्थे बदमाश तो नहीं लगे, लेकिन कैंटर लुटने से बच गया। सीओ का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही वह पकड़े जाएंगे।