थाना क्षेत्र के बिधूना चौराहे के समीप दो बाइकों पर आए चार बदमाशों ने असलाह के बल पर दंपति से आभूषण और नकदी लूट ली। सूचना मिलते ही सीओ घटनास्थल पर पहुंचे। दंपति से बदमाशों के बारे में पूछताछ की। दंपति को बदमाशों के स्केच बनवाने के लिए मैनपुरी भेजा।
सोमवार को मैनपुरी से राजीव कुमार पत्नी सुमन पुत्र लक्ष्य और बेटी रश्मि के साथ थाना क्षेत्र के जटपुरा में ससुर मातादीन के यहां आए थे। दोपहर करीब 3:30 वापस जाते समय साला मनीष दूसरी बाइक से उनके साथ आ रहा था। कुछ दूरी पर मनीष बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए पंप चला गया। राजीव पत्नी के साथ मैनपुरी रोड स्थित किशनी महाविद्यालय के सामने खड़े होकर वाहन का इंतजार करने लगे। तभी दो बाइकों पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने तमंचा निकालकर राजीव के सिर पर सटा दिया। सुमन के कान के कुंडल, चेन, मंगलसूत्र, दो अंगूठी और पर्स में रखी नकदी लूटकर भाग गए। इसके बाद सूचना पर पहुंची सीओ और थाना पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा।