मैनपुरी। बाइक सवार लुटेरों ने नगर क्षेत्र में कालेज से घर जा रहे शिक्षक से 35 हजार रुपये से भरा थैला लूट लिया। लूट के बाद लुटेरे फरार हो गए। व्यस्ततम मार्ग पर दिन दहाड़े लूट कर पुलिस को चुनौती दी है। सूचना पर पुलिस ने वाहन चेकिंग की लेकिन लुटेरे हत्थे नहीं लगे। शिक्षक ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है।
आवास विकास कालोनी निवासी आदेश अवस्थी दयानंद इंटर कालेज घिरोर में शिक्षक हैं। गुरुवार को उन्होंने घिरोर में बैंक से 35 हजार रुपये की नगदी निकली थी। बस से वह घिरोर से मैनपुरी आए। दोपहर 2:30 बजे के लगभग वह बस से भांवत चौराहा पर उतरे। इसके बाद पैदल ही अपने घर जाने लगे। जब वह स्टेशन रोड पर कुछ ही दूरी चले तभी पीछे से बाइक पर सवार दो लुटेरे आ गए। लुटेरों ने उनका रुपये भरा बैग लूट लिया। बैग लूटने के बाद लुटेरे पंजाबी कालोनी की ओर भाग गए। दिन दहाड़े नगर के व्यस्ततम मार्ग से लूट की जानकारी होते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में चेकिंग कराई गई। लेकिन कोई भी लुटेरा हत्थे नहीं लगा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आदेश से जानकारी जुटाई। घटना के संबंध में आदेश ने कोतवाली में तहरीर दी है। गौरतलब है कि जिले में बाइक सवार लुटेरों का आतंक है। बुधवार की शाम बेवर क्षेत्र में भी कार सवारों को लूटते समय दो लुटेरों को राहगीरों ने दबोच लिया था।