थाना किशनी क्षेत्र के गांव रामनगर के समीप छिबरामऊ मार्ग पर दिनदहाडे़ बाइक सवार बदमाशों ने दंपति को तमंचा दिखाकर नकदी जेवर लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश असलाह लहराते हुए भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में क्षेत्र में कांबिंग की।
गांव भैंसापुर निवासी भूरे पत्नी नगीना बेगम और भाभी रूबी के साथ बाइक से ससुराल जा रहे थे। करीब 3.30 बजे बाइक जब छिबरामउ मार्ग पर पृथ्वीताल के समीप पहुंची तभी पीछे से आई लाल अपाचे सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर कर बाइक को रोक लिया। बदमाशाें ने तमंचा दिखाकर दो अंगूठी, एक सोने की चेन, पांच हजार की नकदी और मोबाइल लूट लिए। शोर शराबा सुनकर घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची यूपी 100 के पुलिसकर्मियों ने बदमाशों की तलाश के लिए क्षेत्र में कांबिंग की मगर कोई भी हत्थे नहीं चढ़ सका। जानकारी मिलने के बाद कुसमरा चौकी इंचार्ज शशिकांत सिंह, रामनगर चौकी इंचार्ज मनवीर सिंह भी पुलिसबल के साथ पहुंच गए। पीड़ितों से बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई। हालांकि पीड़ित पक्ष ने तहरीर भी नहीं दी।