जब पुलिस अपने घर में खुद का सामान सुरक्षित नहीं रख सकती तो वह अन्य लोगों को सुरक्षा की गारंटी कैसे दे सकती है। मंगलवार दोपहर को आगरा गेट चौकी में बेखौफ घुसे चोरों ने पुलिसकर्मियों के बक्सा तोड़कर हजारों की नकदी और माल पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि चौकी पुलिस घटना से इंकार कर रही है।
मंगलवार को पुलिस चौकी ही चोरों के निशाने पर आ गई वह भी दोपहर में। पुलिस कर्मी ड्यूटी पर थे, तभी चौकी के अंदर चोर घुस गए और वहां बने पुलिस कर्मियों के कमरों में रखे पुलिस कर्मियों के बक्सों के ताले तोड़कर नकदी और सामान चोरी कर लिया। चोर कितना सामान व नकदी ले गए इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। वहीं जब पुलिस कर्मियों से पूछा गया तो पहले तो वह चोरी की घटना से इंकार करते रहे, लेकिन शाम तक हकीकत सामने आ गई। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 15 दिन पूर्व भी चौकी में बक्सा तोड़कर हजारों की नकदी चोरी कर ली गई थी। अधिकारियों के डर से पुलिसकर्मी ने चोरी की घटना को छुपा लिया था।