थाना किशनी के ग्राम हवेली में रविवार रात नकाबपोश बदमाशों ने प्रधान के घर धावा बोल दिया। प्रधान की देवरानी व बच्चों को बंधक बना लिया और दो लाख नकद व 12 लाख के आभूषण लूटकर ले गए। वहीं लूटी गई राइफल और बंदूक पुलिस ने पास के खेतों से बरामद कर ली। करीब आधा घंटे तक घर में रुके बदमाशों की भनक पड़ोसियों तक को नहीं हुई। परिवारीजनों के अनुसार, बदमाश शरीर पर सिर्फ बनियान और कच्छा पहने थे। घटना की रिपोर्ट पीड़ित ने दर्ज करा दी है।
ग्राम सभा तरिहा की प्रधान संध्या चौहान और उनके पति एक कमरे में सो रहे थे, जबकि देवरानी शशी दूसरे कमरे में। शशि के पति अजीत प्रताप सिंह किसी काम से इटावा गए थे। बताते हैं कि रविवार रात दो बजे के लगभग तीन बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधे सीढ़ी के जरिये घर के अंदर दाखिल हुए। बताते हैं कि कुछ देर पहले ही शशि ने बच्चे के लिए दूध गर्म कर वापस आकर कमरे की कुंडी लगाई थी। बदमाशों ने धक्का मारकर उसे तोड़ दिया। महिला ने बताया कि तमंचा आदि हथियार दिखाकर दो बदमाशों ने उसे व तीन बच्चों को बंधक बना लिया। वहीं एक बाहर गेट पर खड़ा रहा। दोनों बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर करीब दो लाख की नकदी व करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण अलमारी खुलवाकर निकलवा लिए। इस दौरान प्रधान संध्या व उनके पति दूसरे कमरे में सोते रहे और उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं हुई। इस दौरान बदमाशों ने उनकी लाइसेंसी राइफल व उनके ससुर की लाइसेंसी बंदूक भी लूट ली। बदमाशों ने जाते हुए बाहर के सारे दरवाजे बंद कर दिए। बदमाशों के जाने के बाद शशी ने शोर मचाया तो प्रधान और उनके पति की नींद खुली। वहीं पड़ोसी राधेश्याम बाथम ने घर का दरवाजा बाहर से खोला। इसके बाद ग्रामीणों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। इस पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई।
घर और आसपास तलाशी के दौरान पुलिस को राइफल व बंदूक गांव से कुछ दूर खेतों में पड़ी मिल गईं। मौके पर सीओ भोगांव आत्मप्रकाश यादव, थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम व डाग स्क्वैड की टीमों ने जांच की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस प्रकार वारदात को अंजाम दिया गया उससे लगता है कि इसमें किसी नजदीकी का ही हाथ है। सीओ भोगांव आत्मप्रकाश यादव का कहना है कि पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जल्द ही वारदात का खुलासा कर देगी।