फोटो 4 ब्रेथ एन्हेलाइजर से वाहन चालक की जांच करते ट्रेफिक पुलिसकर्मी। स्रोत विभाग
मैनपुरी। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस की कार्रवाई जारी है, शनिवार रात को विशेष चेकिंग के दौरान ब्रेथ एन्हेलाइजर से वाहन चालकों में अल्कोहल की मात्रा जांची गई। पांच वाहनों को सीज किया गया है।
नशे में गाड़ी चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह एक जानलेवा कृत्य भी है। शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से चालक के सोचने, समझने और प्रतिक्रिया करने की क्षमता प्रभावित होती है। परिणाम सड़क दुर्घटनाओं के रूप में सामने आता है पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ऐसे लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। शनिवार रात को सीओ ट्रैफिक दीपशिखा सिंह ने टीम के साथ हाईवे व अन्य मार्गों पर वाहनों को रोक कर कागजात आदि चेक किए।
ब्रेथ एन्हेलाइजर से चालकों में अल्कोहल की मात्रा जांची गई। इस दौरान पांच वाहनों को सीज किए जाने की कार्रवाई की गई। अभियान में मॉडिफाइड साइलेंसर व प्रेशर हॉर्न लगे वाहनों को भी चेक किया गया। कुल 210 वाहनों के चालान कर 6.60 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। सीओ ट्रैफिक ने बताया कि सड़क हादसों की रोकथाम के लिए अभियान लगातार जारी है