बरनाहल। दिहाड़ी मजदूर ने जब मजदूरी मांगी तो ठेकेदार ने गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी। पास ही जल रही आग में धक्का दे दिया, जिससे मजदूर का हाथ झुलस गया। बचाव में आई पत्नी को भी पीटा। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुगलपुर में प्रधान महेंद्र प्रताप गांव में कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल करा रहे हैं। ठेका फूलापुर निवासी एक ठेकेदार को दिया गया है। रिंकू वाल्मीकि ने बताया कि उसने बाउंड्रीवाल निर्माण में मजदूरी की थी। ठेकेदार पर उनके 1800 रुपये बाकी रह गए थे। मंगलवार को वह मजदूरी के रुपये मांगने के लिए ठेकेदार के पास गया तो वह आनाकानी करने लगा। अपने साथियों के साथ मिल कर रिंकू की पिटाई कर दी। पास ही जल रही आग में धक्का दे दिया। जिससे मजदूर का हाथ झुलस गया। बचाने आई पत्नी को भी पीटा गया। मजदूर ने रुपये छीन लेने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने पहुंच कर तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।