शादी के बाद ससुराल पहुंचने पर युवती को पता चला कि सिपाही पहले से शादीशुदा है। जब युवती ने विरोध किया तो सिपाही ने युवती को घर से निकाल दिया। पीड़िता ने महिला आयोग में शिकायत की।
इटावा के थाना सैफई में तैनात एक सिपाही ने नौ महीने पहले किशनी क्षेत्र की रहने वाली एक युवती को धोखा देकर शादी रचाई थी। सिपाही पहले से शादीशुदा है। उसके एक बेटा और एक बेटी भी है। शुक्रवार को परिवार परामर्श केंद्र में पहली पत्नी की रजामंदी के बाद सिपाही और युवती में समझौता हो गया।
विज्ञापन
जिला हाथरस के थाना मुरसान के एक गांव का रहने वाला एक युवक थाना सैफई में सिपाही है। सिपाही ने 21 नवंबर 2025 को थाना किशनी क्षेत्र की एक युवती से शादी कर ली थी। ससुराल पहुंचने पर युवती को पता चला कि सिपाही पहले से शादीशुदा है। जब युवती ने विरोध किया तो सिपाही ने युवती को घर से निकाल दिया।
युवती मायके आ गई। उसने महिला आयोग में शिकायत की। शिकायत की जांच सीओ भोगांव ने की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर सीओ ने शिकायत को परिवार परामर्श केंद्र में 21 जून को भेज दिया। परिवार परामर्श केंद्र में चार बार सिपाही और युवती को आमने-सामने बैठाकर बात कराई गई। शुक्रवार को पहली पत्नी की रजामंदी के बाद सिपाही समझौता कर युवती को साथ ले गया।