डीएम पीसी गुप्ता और एसपी देवरंजन वर्मा शुक्रवार की सुबह समाधान दिवस में थाना करहल पहुंचे। सुबह करीब सवा ग्यारह बजे तक नहीं पहुंचे चकबंदी लेखपाल संतोष कुमार मिश्रा को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश डीएम ने दिए। चेतावनी दी जो अधिकारी और कर्मचारी लापरवाही बरतेगा उसको खामियाजा भी भुगतना पड़ेगा।
डीएम ने समाधान दिवस में शिकायतें सुनते हुए कहा कि क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की हनक दिखे। अवैध कब्जा करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। एक बार कब्जा हटवाने के बाद दोबारा कब्जा करने वालों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की जाए। ऐसे प्रकरण जहां भ्रांतियां होने का अंदेशा हो वहां एसडीएम और सीओ मौके पर जाकर तत्काल कार्रवाई करें। दोनो पक्षों को भारी मुचलके में पाबंद किया जाए। आम जनता की फरियादों को सुनकर उन पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। समीक्षा में पाया कि दो जुलाई के समाधान दिवस की सात, 16 जुलाई के छह, छह अगस्त के सात, 20 अगस्त के तीन शिकायतें लंबित हैं। सभी शिकायतें या तो लेखपाल अथवा राजस्व निरीक्षकों के पास हैं। किसी ने निस्तारण आख्या नहीं दी है। दो दिन में निस्तारण के निर्देश दिए।
थाना करहल के निरीक्षण में मालखाने में बेतरतीब पड़े सामान को सही ढंग से रखने को कहा। थाना क्षेत्र में 86 हिस्ट्रीशीटर ए श्रेणी, चार बी श्रेणी के हैं। जिनमें से पांच की मौत हो चुकी है। दो नए हिस्ट्रीशीटर हाल ही में दर्ज हुए हैं। सभी की निगरानी की जा रही है। इस मौके पर एसडीएम रामचंद्र यादव, सीओ करहल राजपाल सिंह, थानाध्यक्ष करहल राकेश अवस्थी मौजूद थे।