मैनपुरी के सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भरतवाल में शुक्रवार रात 29 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला, युवक हलवाई का काम करता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाने के बाद मोर्चरी में रखवाया, शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
विज्ञापन
मोहल्ला भरतवाल के रहने वाले 29 वर्षीय नेत्रपाल गोस्वामी शादी व अन्य कार्यक्रमों में हलवाई का काम करते थे। पिता की मौत के बाद वही परिवार की जिम्मेदारी उठा रहे थे। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे बिजली चली गई, कुछ देर बाद परिजन ने कमरे में जाकर देखा तो नेत्रपाल का शव फंदे पर लटका हुआ था, शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्र किए। शनिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया। नेत्रपाल की मौत के बाद घर में मातम छाया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।