बाल कल्याण समिति कार्यालय में लटका ताला
- फोटो : अमर उजाला
ब्लाक परिसर स्थित बाल कल्याण समिति कार्यालय में ताला लटका है। शासन द्वारा नियुक्त समिति के अध्यक्ष और सदस्य तीन दिन से बाहर बैठ रहे हैं। मंगलवार को भी ताला नहीं खुलने पर समिति ने एक मामले की खुले में ही बैठकर सुनवाई की। बुधवार को समिति के सदस्य डीएम से मिलकर कार्यालय का ताला खुलवाने की मांग करेंगे।
शासन द्वारा बाल कल्याण समिति किशोर न्याय पीठ के लिए प्रदीप कुमार को अध्यक्ष, आराधना गुप्ता, पूर्व प्रधानाचार्य रामप्रताप सिंह चौहान को सदस्य नियुक्त किया है। अध्यक्ष तथा सदस्यों ने तीन दिन पूर्व ज्वाइन भी कर लिया है। समिति के कार्यालय का ताला तीन दिन से नहीं खुला है। समिति की पूर्व अध्यक्ष के पास कार्यालय की चाभी है तथा वह ताला खोलने को तैयार नहीं हैं।
मंगलवार को समिति के सामने पेश किए गए एक मामले में समिति के सदस्यों ने खुले में ही मामले की सुनवाई की। पूर्व अध्यक्ष सीमा शुक्ला का कहना है वह निजी कार्य से जिले से बाहर हैं। लौटने पर विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वह चार्ज सौंप देंगी।
बुआ के पास भेजी जाएगी किशोरी
आसाम निवासी शिल्पा की शिकायत पर मंगलवार को समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार, सदस्य आराधना गुप्ता, रामप्रताप सिंह चौहान सहित बाल संरक्षण अधिकारी अलका मिश्रा ने खुले में ही सुनवाई की। शिल्पा ने आरोप लगाया कि करहल रोड निवासी पूर्व कैप्टन विजय सिंह उसे डेढ़ साल पहले पढ़ाई कराने के नाम पर बुआ के यहां से ले आए थे लेकिन उसे यहां पढ़ाने के बजाय काम कराया जा रहा है। साथ ही मारपीट करते हैं। समिति ने किशोरी के बयानों के आधार पर उसे बुआ के पास आसाम भेजने को कहा है।