मैनपुरी। नगरपालिका परिसर में शुक्रवार को सभासद छह सूत्रीय मांगों के चलते अनशन पर बैठ गए। साथ ही कहा कि जब तक मांगे पूरी नहीं होंगी तब तक वह लोग अनशन पर बैठे रहेंगे। वहीं देर शाम मौके पर पहुंची चेयरमैन ने पांच मांगें स्वीकार कर सभासदों का अनशन तुड़वाया।
शुक्रवार को नगरपालिका के सभासद पालिका परिसर में अनशन पर बैठ गए। साथ ही छह सूत्रीय मांगों को पूरा करने और पालिका में चल रही अनियमितताओं को दूर करने की मांग करने लगे। सभासदों ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में सभासदों के माध्यम से कार्य कराया जाए। निर्माण कार्यों का पेमेंट चौड़ाई और लंबाई के हिसाब से किया जाए। साथ ही पेमेंट बढ़ता है तो दोबारा टेंडर किया जाए। जिस वार्ड में निर्माण कार्य हो रहा है उस वार्ड के सभासद को स्टीमेट की कापी दी जाए। कार्यालय के लिपिकों पर एक-एक चार्ज हो। कोई भी प्रक्रिया शुरू करने से पहले सभासदों से पूछा जाए।
सभासदों का बढ़ता आक्रोश देख मौके पर पहुंची चेयरमैन साधना गुप्ता ने लस्सी पिलाकर अनशन तुड़वाया। साथ ही मौके पर ही लिखित रूप से पांच मांगों को स्वीकार किया। साथ ही आश्वासन दिया कि जो मांगे रह गई हैं उनको भी शीघ्र पूरा कर दिया जाएगा। इस मौके पर सभासद फूलबहार, धनदेवी, दीपमाला, कमला देवी पाल, मीरा कश्यप, मुकेश, सचिन पिपिल, खेमचंद्र राठौर, दीपू गोस्वामी आदि मौजूद थे।