मैनपुरी। बरनाहल की चेयरमैन शशि गुप्ता और प्रधान अजय कुमार ने विकास खंड में हाल ही में किए गए आशा कार्यकर्ताओं के गलत चयन की शिकायत जिलाधिकारी से की।
चेयरमैन शशि गुप्ता ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि विकास खंड में आशा कार्यकर्ताओं के चार पद रिक्त थे, जबकि चयन 12 का किया गया। ग्राम प्रधान अजय कुमार ने आरोप लगाया कि उसने खुली बैठक में आवेदन मांगे थे। इनमें अनीता देवी का आवेदन शामिल नहीं था, इसके बाद भी अनीता देवी का आशा पद के लिए चयन किया गया है। चेयरमैन और प्रधान ने आशा चयन की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। दूसरी तरफ सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। सीएमओ का कहना है कि किसी नए पद पर चयन नहीं किया गया है। जिन आशाओं का निधन हो गया है या फिर जो स्वेच्छा से नौकरी छोड़कर चली गई हैं उनके स्थान पर ही चयन विधिवत शासनादेश के तहत किया गया है।