फोटो 36 फाइनेंस कमी से लूट की सूचना के बाद मौके पर जांच पड़ताल करते पुलिस अधिकारी। संवाद
औंछा। थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर नगला सावज मोड़ पर तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर फाइनेंसकर्मी से नकदी और मोबाइल लूट की वारदात अंजाम दी। सूचना पर स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। एसपी ग्रामीण ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, पीड़ित से जानकारी ली। पुलिस की टीमें लुटेरों की तलाश में जुटी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव ककइया अगौंथा निवासी सुवेश कुमार ने बताया कि वह एक फाइनेंस कंपनी में फील्ड एक्जीक्यूटिव हैं। बुधवार दोपहर करीब दो बजे औंछा क्षेत्र के गांव नगला सावज से वसूली कर मैनपुरी लौट रहे थे। औंछा क्षेत्र में मैनपुरी रोड पर गांव नगला सावज मोड़ के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे दिखाकर बाइक रुकवा ली।
बाइक रुकते ही मुंह ढके तीनों बदमाशों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। तमंचे से धमकाते हुए हुए जेब से 1.29 लाख रुपये नकदी और दो मोबाइल लूट कर ले गए। बाइक की चाबी भी निकाल ले गए। लुटेरों के जाने के बाद पीड़ित ने शोर मचाया तो घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। लूट की सूचना पर थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने भी घटनास्थल पहुंचकर पीड़ित से जानकारी ली। बताया कि घटना की सत्यता को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। मार्ग पर लगे सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें क्षेत्र में कॉम्बिंग कर रही हैं। जल्द ही सही खुलासा किया जाएगा।