ज्वैलरी पर एक प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी लगाए जाने के विरोध में 15 दिन से अधिक दिनों से सराफा व्यवसायी लगातार प्रतिष्ठान बंद कर विरोध दर्ज करा रहे हैं। शुक्रवार को इस विरोध का मिलाजुला असर सराफा बाजार में दिखाई दिया। यहां कुछ सराफा दुकानें तो बंद रहीं मगर ज्यादातर व्यवसायी अपने प्रतिष्ठान पर वापस लौट आए।
दो सप्ताह से अधिक का समय बीत चुका है मगर सरकार ने ज्वैलरी पर एक प्रतिशत की एक्साइज ड्यूटी को वापस नहीं लिया। तमाम प्रदर्शनों के बावजूद आखिरकार जनपद के कई सराफ व्यवसायी इस बढ़ी एक्साइज ड्यूटी को शायद स्वीकार कर चुके हैं। शुक्रवार को सराफा बाजार में अधिकतर दुकानें खुली नजर आईं। एक सराफा व्यवसायी ने बताया कि लगातार दो सप्ताह बीतने के बाद भी सरकार पर कोई असर नहीं हुआ लेकिन उनका व्यापार प्रभावित होने से उनके सामने परिवार के भरण पोषण की समस्या खड़ी हो रही है। ऐसे में अब वो प्रतिष्ठान खोलने के लिए विवश हैं। वहीं कुछ व्यवसायी अभी भी प्रतिष्ठान बंद रखकर विरोध दर्ज कराते दिखे।