बीएसए की गाड़ी का घेराव कर जताया विरोध
- फोटो : अमर उजाला
आठ माह से मानदेय न मिलने के चलते नाराज रसोइयों ने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं धरना स्थल से पैदल रैली निकाल कर बीएसए कार्यालय पहुंचीं। यहां बीएसए की गाड़ी रोककर जमकर नारेबाजी की। बीएसए ने समस्या निस्तारण का आश्वासन देकर रसोइयों को शांत कराने का प्रयास किया। बाद में विरोध की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को शांत कर वापस भेजा।
राष्ट्रीय मध्यान्ह भोजन रसोइया एकता संघ के तत्वावधान में कई दिनों से रसोइया कलक्ट्रेट के तिकोनिया पार्क में भूख हड़ताल कर रही हैं। शनिवार को नाराज रसोइयों ने बैनर लेकर पहले तो कलक्ट्रेट परिसर में रैली निकाली। उसके बाद कलक्ट्रेट रोड, ईशन नदी तिराहा, कचहरी रोड होते हुए एलआइसी भवन के पास सड़क पर जाम लगा दिया। यहां से नारेबाजी करते हुए रसोइयों ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
सबसे पहले परिसर में खड़ी बीएसए की गाड़ी को घेरा बाद में दफ्तर के बाहर नारेबाजी की। रसोइयों के विरोध प्रदर्शन की खबर मिलते ही महिला थानाध्यक्ष नीता सिंह पुलिसकर्मियों के साथ बीएसए कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने नारेबाजी कर रहीं रसोइयों को समझा-बुझाकर बीएसए कार्यालय से हटवाया। इसके बाद बीएसए को ज्ञापन दिया। बीएसए रामकरन यादव ने रसोइयों की समस्या का समाधान कराए जाने का आश्वासन दिया है। उनका कहना है कि चार महीनों का मानदेय खातों में भेजा जा चुका है। जल्द ही बकाया मानदेय का भुगतान भी कराया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में प्रियंका खान, अनीता देवी, मंजू देवी सहित दो दर्जन से ज्यादा रसोइया मौजूद थीं।