फोटो 2 जिला अस्पताल में भर्ती कृष्णा। संवाद
मैनपुरी। शहर के मोहल्ला पॉवर हाउस निवासी एक 10 वर्षीय बालक स्विमिंगपूल में नहाते समय डूब गया। बालक को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां गंभीर स्थिति देखते हुए बालक को मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव गढ़ी कुसमाखेड़ा निवासी जोगेंद्र उर्फ लालू भदौरिया थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पावर हाउस में मकान बनाकर रहते हैं। मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे उनका 10 वर्षीय पुत्र कृष्णा मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ पॉवर हाउस में ही संचालित श्रीराम वाटर पार्क पहुंचा। परिजन ने बताया कि यहां वह अपने साथियों के साथ स्विमिंगपूल में स्नान कर रहा था कि तभी अचानक वह डूब गया।
परिजन के अनुसार एक बच्चे ने भागकर जानकारी परिजन को दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बच्चे को किसी प्रकार से बाहर निकाला तब तक परिजन भी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में बच्चे को जिला अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए बच्चे को मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
वाटर पार्क में संचालित स्विमिंगपूल के पानी की जांच भी नहीं की जाती है। यहां तैरने वाले लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण भी नहीं होता है। इससे यहां स्नान करने वाले हजारों बच्चों और अन्य लोगों को त्वचा संबंधी गंभीर बीमारियां भी हो सकती है।